MCG News : नगर निगम गुरुग्राम (MCG) के आयुक्त प्रदीप दहिया ने प्रशासनिक अनुशासन और कार्यप्रणाली में लापरवाही को लेकर अब तक का सबसे कड़ा रुख अपनाया है। आयुक्त ने वरिष्ठ सफाई निरीक्षक (SSI) हर्ष चावला को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है। रोड स्वीपिंग मशीन में लगी आग की घटना को दबाने और वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर सूचना न देने के गंभीर आरोप में यह गाज गिरी है।
जानकारी के अनुसार, निगम के क्षेत्राधिकार में एक रोड स्वीपिंग मशीन में आग लगने की बड़ी घटना हुई थी। प्रोटोकॉल के मुताबिक, ऐसी किसी भी दुर्घटना की सूचना तुरंत संयुक्त आयुक्त या अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को दी जानी अनिवार्य होती है ताकि त्वरित प्रबंधन और जांच की जा सके।
एसएसआई हर्ष चावला ने न तो संयुक्त आयुक्त को और न ही मुख्यालय को इसकी भनक लगने दी। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सूचना के अभाव में घटना स्थल पर प्रभावी कदम नहीं उठाए जा सके, जिसे कर्तव्यों के निर्वहन में ‘घोर लापरवाही’ माना गया है।
फोन न उठाना और शिकायतों की अनदेखी भी बनी वजह
निलंबन आदेश केवल एक घटना तक सीमित नहीं है। सूत्रों के मुताबिक संबंधित अधिकारी के खिलाफ लंबे समय से अनुशासनहीनता की शिकायतें मिल रही थीं। आमजन की सफाई व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता न दिखाना।वरिष्ठ अधिकारियों और जनता के फोन कॉल्स को बार-बार इग्नोर करना। फील्ड में ड्यूटी के दौरान गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाना।
विभागीय जांच शुरू मुख्यालय से अटैच आयुक्त प्रदीप दहिया ने हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के तहत कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। निलंबन की अवधि के दौरान हर्ष चावला का मुख्यालय अतिरिक्त आयुक्त-III, नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय में तय किया गया है। वे बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे और जांच प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।
The post MCG News : गुरुग्राम नगर निगम कमिशनर का बड़ा एक्शन, लापरवाही पर सेनेटरी इंस्पेक्टर सस्पेंड appeared first on Gurugram News Network.
