Gurugram में सड़क सुरक्षा के लिए हटेंगे 72 पेड़, बदले में 720 नए पौधे लगाएगा जीएमडीए

Gurugram : मिलेनियम सिटी की मुख्य सड़कों पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने शहर की 17 मुख्य सड़कों को दुर्घटना मुक्त बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इन सड़कों के बीचों-बीच बाधा बन रहे 72 पेड़ों को हटाने के लिए जीएमडीए ने वन विभाग से औपचारिक मंजूरी मांगी है। अधिकारियों का मानना है कि इन पेड़ों की वजह से रात के समय हादसों का डर बना रहता है और कई जगह यातायात भी बाधित होता है।

इन सड़कों पर खड़े हैं खतरनाक पेड़

जीएमडीए की पर्यावरण शाखा द्वारा किए गए विस्तृत सर्वे में सामने आया है कि कई प्रमुख रास्तों के बीच में पेड़ खड़े हैं, जिससे सड़कें संकरी हो गई हैं। सेक्टर 30-31 यहाँ साउथ सिटी-1 के पास सड़क एक लेन की रह जाती है, जिससे पीक आवर्स में भीषण जाम लगता है। सेक्टर 15 (पार्ट 1 व 2)  मुख्य सड़क के बीच में 7 पेड़ बाधा बने हुए हैं।

मोर चौक से सोहना चौक: इस व्यस्त मार्ग पर सबसे अधिक 13 पेड़ सड़क के बीच में आ रहे हैं। ओल्ड रेलवे रोड (6 पेड़), न्यू कॉलोनी रोड से पटौदी चौक (5 पेड़), सेक्टर 88ए-89ए (17 पेड़) और सनाथ रोड (4 पेड़) शामिल हैं। इसके अलावा सेक्टर 43, 44, 57, शीतला माता रोड और बसई चौक के पास भी पेड़ चिह्नित किए गए हैं। (Gurugram)

पर्यावरण की भरपाई: 1 पेड़ के बदले लगेंगे 10 पौधे

विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाने के लिए जीएमडीए ने ’10 गुणा’ पौधारोपण का संकल्प लिया है। यदि वन विभाग 72 पेड़ों को काटने की अनुमति देता है, तो इसके बदले प्राधिकरण शहर के अन्य हिस्सों में 720 नए पौधे लगाएगा। इन पेड़ों की सूची में शीशम, जामुन, नीम, पीपल, शहतूत, कीकर और पिलखन जैसी विभिन्न प्रजातियां शामिल हैं।

जाम और हादसों से मिलेगी मुक्ति

नए सेक्टरों (81 से 95) में कई सड़कों का निर्माण कार्य इन पेड़ों की वजह से अटका हुआ है। पेड़ों के हटने से न केवल सड़कों की चौड़ाई बढ़ेगी, बल्कि अंधेरे में पेड़ से टकराने वाली दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। जोगीराम चौहान, कार्यकारी अभियंता (जीएमडीए) ने बताया कि वन विभाग की मंजूरी मिलते ही इन पेड़ों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। (Gurugram)

The post Gurugram में सड़क सुरक्षा के लिए हटेंगे 72 पेड़, बदले में 720 नए पौधे लगाएगा जीएमडीए appeared first on Gurugram News Network.