Challan : गुरुग्राम में लगातार ट्रैफिक पुलिस सड़क परिवहन नियमों की उल्लंघना करने वालों को जागरुक करने के लिए तरह तरह के कैंपेन चला रही हैं जो नहीं मान रहे हैं उनके चालान भी किए जा रहे हैं । बुधवार को भी गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसी बाइक को जब्त किया है जिस पर साढे तीन लाख रुपए से ज्यादा के चालान लंबित हैं गौर करने वाली बात ये है कि जिस बाइक पर साढे तीन लाख रुपए के चालान पेंडिंग है उसकी मार्केट कीमत 50 हज़ार से भी कम है ।
बुधवार को जोनल अधिकारी पटौदी चौक, ASI प्रदीप कुमार द्वारा अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था । जांच के दौरान एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल को रोककर उसके दस्तावेज दिखाने को कहा गया। परंतु चालक कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया तत्पश्चात जांच में पाया गया कि उक्त मोटरसाइकिल पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 58 चालान लंबित हैं, जिनकी कुल जुर्माना राशि ₹3,55,000 रुपये है । इनमें अधिकांश चालान बिना हेल्मेट वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट तथा बिना PUC सहित अन्य कुल 58 चालान लंबित पाए गए ।
लंबित चालानों के कारण नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा उक्त मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया गया । ये कोई ऐसा पहला मामला नहीं है जब किसी बाइक चालक द्वारा इतने ज्यादा चालान कटवाए गए हों इससे पहले भी कई ऐसी बाइक को पुलिस ने जब्त किया जिनपर सैंकड़ों चालान लंबित पाए जा चुके हैं ।
गुरुग्राम यातायात पुलिस सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक कागजात अद्यतन रखें तथा लंबित चालानों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करें। यातायात नियमों का पालन आपकी एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत लंबे समय से लंबित चालानों का भुगतान न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों को उनके लंबित चालानों की जानकारी देकर समय पर भुगतान करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है ।
The post ₹50 हज़ार की बाइक, ₹3.55 लाख के Challan, पुलिस ने दिखते ही कर ली इम्पाउंड appeared first on Gurugram News Network.
