Co-Accused Lost : गुरुग्राम सब्जी मंडी हत्याकांड : अब मुख्य आरोपी को ‘सुआ’ थमाने वाला राहुल भी रहस्यमय ढंग से गायब!

Co-Accused Lost : खांडसा सब्जी मंडी में फल व्यापारी भारत भूषण वलेचा की दिनदहाड़े हुई बेरहमी से हत्या के मामले में 48 घंटे बीत जाने के बाद भी गुरुग्राम पुलिस के हाथ खाली हैं। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम में अब एक ऐसा रहस्यमय मोड़ आ गया है जिसने पुलिस प्रशासन और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में मुख्य कातिल जयभगवान उर्फ शीटू को हत्या में इस्तेमाल किया गया नुकीला सुआ थमाने वाला सह-आरोपी (Co-accused) राहुल भी अब अचानक गायब हो गया है।

परिजनों का आरोप- ‘पूछताछ के नाम पर सादी वर्दी में आए लोग उठा ले गए’ : Co-Accused Lost

राहुल के अचानक गायब होने से हड़कंप मच गया है। राहुल के परिजनों ने बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि सोमवार को सादे कपड़ों (सिविल ड्रेस) में कुछ लोग आए थे, जो पूछताछ करने के नाम पर राहुल को अपने साथ उठा ले गए। परिजनों को अंदेशा था कि वे पुलिसकर्मी थे, लेकिन जब वे तसल्ली के लिए शिवाजी नगर थाने पहुंचे, तो वहां तैनात स्टाफ या अधिकारियों द्वारा राहुल के बारे में कोई भी जानकारी होने से साफ इनकार किया जा रहा है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि आखिर राहुल कहां गया? अगर उसे पुलिस ने हिरासत में लिया है तो कागजी कार्रवाई या जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही? और अगर उसे पुलिस नहीं ले गई, तो सादे कपड़ों में आए वो अज्ञात लोग कौन थे? क्या राहुल का भी अपहरण कर लिया गया है?


48 घंटे बाद भी मुख्य कातिल ‘शीटू’ फरार, सुलग रहे हैं कई सवाल : Co-Accused Lost

सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में भरी मंडी के भीतर भारत भूषण के दिल पर ताबड़तोड़ सुआ घोपकर ‘हार्ट पंचर’ करने वाला मुख्य आरोपी आढ़ती जयभगवान उर्फ शीटू वारदात के 48 घंटे बाद भी फरार है। पुलिस की टीमें उसे ढूंढने का दावा तो कर रही हैं, लेकिन धरातल पर नतीजा शून्य है। अब सह-आरोपी राहुल के इस तरह रहस्यमय ढंग से लापता होने के बाद केस पूरी तरह उलझ गया है। डॉक्टरों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पहले ही साफ हो चुका है कि यह पूरी प्लानिंग के तहत किया गया मर्डर था। ऐसे में सह-आरोपी का अचानक गायब होना किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है या पुलिसिया कार्रवाई का ढीला रवैया, इसे लेकर मंडी के व्यापारियों और आम जनता में भारी आक्रोश पनप रहा है।

शिवाजी नगर थाना पुलिस इस मामले में अभी मीडिया के सामने कुछ भी खुलकर बोलने से बच रही है। देखना होगा कि इस दोहरे संकट में फंसी गुरुग्राम पुलिस कब तक मुख्य कातिल को सलाखों के पीछे भेज पाती है और राहुल के लापता होने के रहस्य से पर्दा उठाती है?

The post Co-Accused Lost : गुरुग्राम सब्जी मंडी हत्याकांड : अब मुख्य आरोपी को ‘सुआ’ थमाने वाला राहुल भी रहस्यमय ढंग से गायब! appeared first on Gurugram News Network.