Gurugram Electricity : भीषण गर्मी के बीच गुरुग्राम के 14 सेक्टरों के लिए राहत की खबर, अब मिलेगी 24 घंटे बिजली

Gurugram Electricity : भीषण गर्मी के बीच गुरुग्राम के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। शहर के सेक्टर-9 स्थित बिजली घर (पावर हाउस) में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (HVPN) के इस कदम से ओल्ड गुरुग्राम की कॉलोनियों सहित नए गुरुग्राम के करीब 14 सेक्टरों और दर्जनों रिहायशी सोसाइटियों को अब रात के समय लगने वाले अघोषित बिजली कट से पूरी तरह निजात मिल जाएगी।

सेक्टर-9 स्थित इस बिजली घर पर पहले से ही 25/31.5 MVA क्षमता के तीन बिजली ट्रांसफार्मर काम कर रहे थे। इस सब-स्टेशन पर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) की न्यू कॉलोनी सब-डिवीजन और सेक्टर-37 सब-डिवीजन के अंतर्गत आने वाले इलाके निर्भर हैं।

इसके अलावा  सेक्टर-99 से लेकर सेक्टर-104 तक नव-विकसित रिहायशी सोसाइटियों को भी इसी बिजली घर से 11 KV की लाइनों के जरिए सप्लाई दी जा रही थी। अत्यधिक लोड होने के कारण रात के समय जैसे ही बिजली की मांग बढ़ती थी, सिस्टम ओवरलोड हो जाता था और फॉल्ट के कारण घंटों तक अघोषित कटौती करनी पड़ती थी।

नया ट्रांसफार्मर चालू होने से निम्नलिखित इलाकों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुधर जाएगी। सेक्टर-99, सेक्टर-100, सेक्टर-101, सेक्टर-102, सेक्टर-103 और सेक्टर-104 की सभी रिहायशी सोसाइटियां, अंबेडकर नगर, देवीलाल कॉलोनी, फिरोज गांधी कॉलोनी, न्यू कॉलोनी, ज्योति पार्क, मदनपुरी, बलदेव नगर, सेक्टर-7 और सेक्टर-7 एक्सटेंशन।

एचवीपीएन (HVPN) के अधिकारियों के अनुसार, बिजली संकट को दूर करने के लिए शुक्रवार सुबह ठीक 8:00 बजे काम शुरू किया गया। एचवीपीएन के एसएसई (SSE) प्रीतम यादव की देखरेख में करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर बाद 12.5/16 MVA क्षमता का नया बिजली ट्रांसफार्मर सफलतापुर्वक स्थापित कर दिया गया। नया ट्रांसफार्मर लगते ही तुरंत इस पर लोड शिफ्ट कर दिया गया और दोपहर बाद से ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

 प्रीतम यादव (एसएसई, एचवीपीएन) ने बताया कि ने बताया किनया बिजली ट्रांसफार्मर लगाकर उस पर लोड डाल दिया गया है। अब इस बिजली घर से जुड़े क्षेत्रों में ओवरलोडिंग की कोई समस्या नहीं आएगी और लोगों को निर्बाध बिजली मिलेगी।”

साहिल गर्ग (उपमंडल अभियंता, डीएचबीवीएन) ने बताया किरात के समय लोड बढ़ने पर अक्सर फॉल्ट के कारण बिजली कट लगाने पड़ते थे। अब नया ट्रांसफार्मर चालू होने से हमारे सब-डिवीजन की सभी कॉलोनियों को पर्याप्त बिजली मिलेगी।विद्युत निगम का दावा है कि इस नए अपग्रेडेशन के बाद आने वाले दिनों में ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं से भी स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

The post Gurugram Electricity : भीषण गर्मी के बीच गुरुग्राम के 14 सेक्टरों के लिए राहत की खबर, अब मिलेगी 24 घंटे बिजली appeared first on Gurugram News Network.