Farrukhnagar News : दो मंजिला मकान में चल रहा था अवैध स्कूल, पूरी बिल्डिंग मिट्टी में मिलाई

Farrukhnagar News : गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण की एन्फोर्समेंट टीम द्वारा फर्रुखनगर स्थित खेतावास गांव में एक बड़े तोड़फोड़ अभियान को अंजाम देते हुए लगभग 800 वर्ग गज में बनाई गई अवैध दो मंजिला ईमारत को ध्वस्त किया गया। ये निर्माण पंजाब अनुसूचित सड़कें एवं नियंत्रित क्षेत्र अनियमित विकास प्रतिबंध अधिनियम, 1963 (हरियाणा में लागू) के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए किया गया था।

इस बिल्डिंग में अवैध तरीके से स्कूल चलाया जा रहा था । फर्रुखनगर इलाके में इस अवैध स्कूल और ईमारत की शिकायत कई बार की गई । समाधान शिविर में शिकायत पहुंचने पर ये एक्शन लिया गया है । साथ ही ये जमीन की नपाई की प्रक्रिया से संबंधित मामला माननीय उच्च न्यायालय तथा स्थानीय न्यायालय में भी विचाराधीन था।

ऐसा नहीं है कि इस बिल्डिंग को पहली बार तोड़ा गया है बल्कि इस बिल्डिंग के खिलाफ ये दूसरी कार्रवाई है । इससे पहले भी इस बिल्डिंग की चारदीवारी को आंशिक तौर पर तोड़ा गया था और मालिक को कारण बताओ नोटिस जारी कर इसको पुनर्स्थापित करने के आदेश जारी किए गए थे ।

आदेशों की लगातार उल्लंघना के बाद इस जमीन की पैमाइश कराई गई और मंगलवार को इस अवैध बिल्डिंग को जीएमडीए की टीम ने पूरी तरह मिट्टी में मिला दिया । यह अभियान फर्रुखनगर पुलिस के सहयोग से संचालित किया गया, जिसमें कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगभग 50 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। ध्वस्तीकरण कार्रवाई के लिए दो जेसीबी मशीनों को लगाया गया।

अभियान पर जानकारी देते हुए गुरुग्राम में अतिक्रमण के लिए नोडल अधिकारी एवं डीटीपी, जीएमडीए आर.एस. बाठ ने कहा कि नियंत्रित क्षेत्रों में होने वाले सभी अवैध निर्माणों एवं उल्लंघनों के विरुद्ध जीएमडीए द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। उल्लंघनकर्ताओं को लगातार कारण बताओ नोटिस एवं चेतावनी नोटिस जारी किए जा रहे हैं। आमजन से अपील है कि वे विकास नियमों का पालन करें तथा अवैध निर्माणों को स्वेच्छा से खाली करें, अन्यथा नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

The post Farrukhnagar News : दो मंजिला मकान में चल रहा था अवैध स्कूल, पूरी बिल्डिंग मिट्टी में मिलाई appeared first on Gurugram News Network.