Extortion : साइबर सिटी गुरुग्राम में पुलिस एनकाउंटर और सख्त दावों के बावजूद गैंगस्टरों और बदमाशों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। इलाके में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए कुख्यात ‘पव्वा उर्फ सुरेंद्र गैंग’ ने एक बार फिर व्यापारियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ताजा सनसनीखेज मामला खेड़की माजरा गांव से सामने आया है, जहां रंगदारी (मंथली) (Extortion) देने से मना करने पर एक अंडा कारोबारी के दफ्तर पर दर्जनों बदमाशों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और तेजधार तलवारों के साथ धावा बोल दिया। इस बर्बर हमले में कारोबारी समेत आधा दर्जन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सरेआम गुंडागर्दी: 50 हजार की मंथली न देने पर दी खौफनाक सजा
पीड़ित अंडा कारोबारी अंकुश यादव का दफ्तर खेड़की माजरा गांव के पास स्थित है। आरोप है कि क्षेत्र का कुख्यात बदमाश ‘पव्वा डॉन’ पिछले तीन दिनों से लगातार कारोबारी को परेशान कर रहा था। आरोपी ने 15 तारीख की रात दुकान पर आकर कर्मचारियों से हर महीने 50 हजार रुपए की रंगदारी (Extortion) की मांग की थी।
शनिवार रात को जब आरोपी दोबारा पैसे लेने पहुंचा और अंकुश यादव ने रंगदारी देने से साफ इनकार कर दिया, तो बदमाश ने हाथापाई शुरू कर दी। इस शुरुआती मारपीट में ही कारोबारी अंकुश के नाक, सिर और दांत पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सेक्टर-10 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल से लौटते ही दफ्तर पर हमला, कुल्हाड़ी और फरसे से किया वार
वारदात यहीं नहीं रुकी। कारोबारी जब अस्पताल में इलाज करा रहे थे, तभी रात करीब 1:30 बजे आरोपी पूरी तैयारी के साथ 8 से 10 गाड़ियों में सवार होकर दर्जनों युवकों के साथ वापस लौटा। बदमाशों के हाथों में फरसे, कुल्हाड़ी, तलवारें और लोहे की रॉड थीं।
बाजार में अपना खौफ कायम करने के मकसद से बदमाशों ने आते ही दफ्तर का शटर और शीशे तोड़ने शुरू कर दिए। दफ्तर के अंदर रखे फर्नीचर और कंप्यूटरों को तहस-नहस कर दिया गया। जब वहां मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उन पर पत्थरों और घातक हथियारों से जानलेवा हमला बोल दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए मकान मालिक सतीश पर भी कुल्हाड़ी से वार किया गया। हमले में चार से पांच कर्मचारी बुरी तरह लूल-हान हो गए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीसीटीवी (CCTV) में कैद हुआ गैंग का तांडव, जांच में जुटी पुलिस
इस पूरी खौफनाक वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाश हाथों में हथियार लहराते हुए और दफ्तर के बाहर दहशत फैलाते हुए साफ नजर आ रहे हैं। चीख-पुकार सुनकर जब तक स्थानीय लोग एकत्र होते, तब तक बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी गाड़ियों में फरार हो गए।
इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष और डर का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि अगर दिन-दहाड़े और सरेआम इस तरह रंगदारी (Extortion) मांगी जाएगी और हमले होंगे, तो वे सुरक्षित तरीके से व्यापार कैसे कर पाएंगे।
वहीं, पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर कई हमलावरों की पहचान कर ली गई है और बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
The post Extortion : गुरुग्राम में पव्वा गैंग को रंगदारी न देने पर अंडा कारोबारी के ऑफिस पर हमला, सीसीटीवी में कैद गुंडागर्दी appeared first on Gurugram News Network.
