Eid al-Adha पर गुरुग्राम पुलिस रहेगी सख्त, सोशल मीडिया पर सर्विलांस शुरु

Eid al-Adha : ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व, जो दिनांक 28 मई 2026 को मनाया जाएगा तथा आगामी तीन दिनों तक चलेगा । इसके दृष्टिगत गुरुग्राम पुलिस द्वारा जिले में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्द बनाए रखने हेतु व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं । संदीप कुमार IPS, पुलिस उपायुक्त पूर्व, गुरुग्राम ने सभी थाना प्रभारियों, चौकी इंचार्ज एवं पुलिस कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता, प्रभावी गश्त एवं निगरानी रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख मस्जिदों, ईदगाहों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सतत निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।

सोशल मीडिया पर खास नज़र

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, व्हाट्सऐप ग्रुप्स एवं अन्य डिजिटल माध्यमों पर भी सक्रिय निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भड़काऊ, अफवाह फैलाने वाली या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट/मैसेज पर तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना प्रबंधकों एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें।

गुरुग्राम पुलिस की अपील

गुरुग्राम पुलिस आमजन से अपील करती है कि पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

यदि किसी भी व्यक्ति को कोई संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना प्राप्त होती है, तो वह तुरंत संबंधित थाना, डायल-112 या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।

गुरुग्राम पुलिस सभी धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर रही है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके। गुरुग्राम पुलिस जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

The post Eid al-Adha पर गुरुग्राम पुलिस रहेगी सख्त, सोशल मीडिया पर सर्विलांस शुरु appeared first on Gurugram News Network.