Bus Thief : बाबा महाकाल का अनोखा भक्त, उज्जैन जाने के लिए नहीं मिला साधन तो चुरा ली हरियाणा रोडवेज की बस!

Bus Thief : श्रद्धा और सनक के बीच की लकीर जब धुंधली हो जाए, तो कैसे-कैसे वाकये सामने आते हैं, इसका एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन की ऐसी सनक सवार हुई कि एक शख्स को जब जाने का कोई साधन नहीं मिला, तो उसने (Bus Thief) बस स्टैंड पर खड़ी पूरी की पूरी सरकारी बस ही उड़ा दी। चरखी दादरी बस स्टैंड से चोरी हुई हरियाणा रोडवेज की इस बस को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से बरामद कर लिया है।

बूथ से गायब मिली बस, उड़ गए अधिकारियों के होश

यह फिल्मी वाकया शुक्रवार रात का है। भिवानी डिपो (लोहारू सब-डिपो) की एक रोडवेज बस का चरखी दादरी में नाइट स्टे था। चालक शुक्रवार शाम को बस को स्टैंड परिसर में पार्क करके घर चला गया था। लेकिन रात करीब 8:55 बजे एक अज्ञात शख्स (Bus Thief) बड़े आराम से बस लेकर रफूचक्कर हो गया। शनिवार सुबह जब ड्राइवर अपनी ड्यूटी पर पहुंचा और बस को बूथ पर लगाने गया, तो वहां सन्नाटा देखकर उसके होश उड़ गए। बस स्टैंड से सरकारी बस गायब होने की खबर फैलते ही रोडवेज अधिकारियों और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

फास्टैग और टोल ने खोला राज

बस की तलाश में जुटी पुलिस के लिए नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा मददगार साबित हुए। जैसे ही बस अलग-अलग टोल से गुजरी, उसके फास्टैग (Fastag) कटने के मैसेज से पुलिस को उसकी लाइव लोकेशन मिलती गई। इनपुट्स के आधार पर हरियाणा पुलिस ने तुरंत राजस्थान पुलिस से संपर्क साधा। आखिरकार, चित्तौड़गढ़ जिले के चंदेरिया थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर बस को अपने कब्जे में ले लिया।


खुलासा: ‘उज्जैन जाना था भाई, गाड़ी नहीं मिली तो बस ले ली’ : Bus Thief

पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया, जिसकी पहचान झज्जर जिले के दुल्हेड़ा गांव निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है। जब पुलिस ने उससे बस चुराने की वजह पूछी, तो उसका जवाब सुनकर अधिकारी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। आरोपी ने बताया कि उसे हर हाल में उज्जैन (मध्य प्रदेश) जाना था। बस स्टैंड पर जब उसे वहां जाने का कोई साधन नहीं मिला, तो उसने चाबी लगी खड़ी रोडवेज बस को ही अपना ‘निजी साधन’ बना लिया और उसे लेकर सीधे उज्जैन के रास्ते पर निकल पड़ा।


Bus Thief : पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड, अब पहुंचे जेल

भले ही यह मामला सुनने में थोड़ा मजाकिया लगे, लेकिन आरोपी का पुराना ट्रैक रिकॉर्ड ठीक नहीं है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अजय के खिलाफ पहले भी तीन-चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बस को बरामद कर आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से माननीय न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है।

The post Bus Thief : बाबा महाकाल का अनोखा भक्त, उज्जैन जाने के लिए नहीं मिला साधन तो चुरा ली हरियाणा रोडवेज की बस! appeared first on Gurugram News Network.