Bollywood Singer Fazilpuria : गुरुग्राम के सेक्टर 45 में बॉलीवुड सिंगर फाजिलपुरिया के इवेंट मैनेजर सौरभ यादव के घर पर फायरिंग करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है । इस मामले में फायरिंग करने के आरोप में क्राइम ब्रांच की टीम ने गैंगस्टर दीपक नांदल के 4 गुर्गों को गिरफ्तार किया है । इन आरोपियों पर हमलावरों को हथियार, वाहन और अन्य रसद सहायता उपलब्ध कराने का आरोप है।
क्या था पूरा मामला?
बीती 02 मई 2026 की रात, गुरुग्राम के सेक्टर-45 (गांव कन्हई) में सिंगर फाजिलपुरिया के इवेंट मैनेजर सौरभ यादव के घर के बाहर दो अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं । इस हमले के दौरान वहां सुरक्षा में तैनात सिपाही कुलबीर को दो गोलियां हाथ और पैर को छूती हुई निकल गईं, जिससे वे घायल हो गए थे। थाना सेक्टर-40 में हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) सहित विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई थी। राहत की बात यह है कि घायल सिपाही को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
मामले में कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम पुलिस की सेक्टर 40 क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी हाथ लगी । इस मामले में क्राइम ब्रांच ने चार ऐसे गुर्गों को गिरफ्तार किया है जिन्होनें शूटरों को हथियार, गाड़ी और अन्य सामान उपलब्ध कराया था । गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अशोक उर्फ पहलवान (35 वर्ष): निवासी गांव बखेता, रोहतक, सुमित (33 वर्ष): निवासी गांव कथुरा, सोनीपत, मनोज काबर (36 वर्ष): निवासी गांव चीडी, रोहतक और विक्की (36 वर्ष): निवासी गांव गढ़ शाहजांपुर, सोनीपत के रुप में हुई है ।
वारदात के पीछे ‘रुपयों का विवाद’ और मास्टरमाइंड
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं । शुरुआती जांच में सामने आया है कि इवेंट मैनेजर सौरभ यादव और गैंगस्टर दीपक नांदल पुराने परिचित हैं । गैंगस्टर बनने से पहले दीपक नांदल भी सिंगर फाजिलपुरिया के लिए इवेंट मैनेजर का काम करता था । इसीलिए दीपक और सौरभ के बीच पैसों के लेकर लेन-देन का विवाद था जिसके चलते दीपक नांदल ने सौरभ को धमकी भी दी थी ।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि इस पूरी फायरिंग की साजिश दीपक नांदल ने रची थी। गिरफ्तार आरोपियों ने वारदात से पहले इलाके की रैकी की और हमलावरों को बाइक व हथियार मुहैया कराए। वारदात के समय ये चारों आरोपी बैकअप के लिए घटनास्थल के पास ही मौजूद थे।
पुलिस की आगामी कार्रवाई
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि मुख्य हमलावरों और दीपक नांदल तक पहुँचा जा सके। पुलिस मामले के अन्य तथ्यों को खंगाल रही है और जल्द ही अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
The post Bollywood Singer Fazilpuria के सहयोगी पर फायरिंग मामले में सोनीपत-रोहतक के चार बदमाश गिरफ्तार appeared first on Gurugram News Network.
