Accident News : दिल्ली गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर इफकौ चौक के पास शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई । हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने घायल सॉफ्टवेयर इंजीनियर को बचाने की कोशिशें की लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया ।
जलती गाड़ी से बाहर निकाला
चरखी दादरी के रहने वाले कैब ड्राइवर रितेश फौगाट ने बताया कि देर रात करीब साढे 12 बजे जब वो इफकौ चौक फ्लाइओवर के पास पहुंचे तो सड़क किनारे दीवार से एक गाड़ी टकराई हुई थी जिसके बोनट में जबरदस्त आग लगी हुई थी । रितेश ने पास जाकर देखा तो गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति घायलावस्था में पड़ा हुआ था । रितेश ने हिम्मत दिखाते हुए घायल ड्राइवर की सीटबेल्ट खोली और फिर उसे गाड़ी के बोनट से निकलते आग के बीच ही बाहर खींच निकाला ।
कैब ड्राइवर रितेश ने बताया कि जिस समय घायल कार चालक को बाहर निकाला उस समय गाड़ी का आगे का हिस्सा पूरी तरह आग की लपटों में घिरा हुआ था । रितेश और आसपास के लोगों ने मिलकर घायल को उठाकर एक ऑटो के सहारे मैक्स अस्पताल में भिजवाया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही कार चालक ने दम तोड़ दिया ।
अनबैलेंस होकर ऑटो से टकराई कार फिर लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात करीब साढे 12 बजे एक दिल्ली नंबर गाड़ी इफकौ चौक यूटर्न फ्लाइओवर से अनबैलेंस होकर नीचे उतरी और डिवाईडर कूदते हुए गाड़ी सर्विस लेन पर खड़े एक ऑटो से जा टकराई । उसके बाद गाड़ी सर्विस लेन के किनारे बनी दीवार से जा टकराई और गाड़ी को चला रहा कार चालक गंभीर रुप से घायल हो गया ।
हादसे के बाद तुरंत ही गाड़ी में अचानक आग लग गई । इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ इक्कट्ठी हो गई और जलती हुई कार के अंदर फंसे कार चालक को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला । प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब घायल कार चालक को गाड़ी से बाहर निकाला तो उसकी सांसे चल रही थीं लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले उसने दम तोड़ दिया ।
कार सवार सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने दम तोड़ा
इस हादसे में मरने वाले व्यक्ति की पहचान दिल्ली निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रुप में हुई है । मृतक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के भाई ने गुरुग्राम न्यूज़ को बताया कि उसके भाई गुरुग्राम की एक मल्टीनेशनल कंपनी में बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनयर काम करते थे । रोज़ाना की तरह वो अपनी कंपनी से घर के लिए निकले थे और इफकौ चौक पर अचानक ये हादसा हो गया । पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद परिजन गुरुग्राम पहुंचे ।
टैक्सी ड्राइवर ने दिखाई बहादुरी लेकिन नहीं बच सकी जान
इस हादसे में कार चालक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जिंदगी तो नहीं बच पाई लेकिन मौके पर मौजूद एक टैक्सी चालक ने बहादुरी दिखाते हुए घायल की जिंदगी बचाने की कोशिश की । चरखी दादरी के रहने वाले कैब चालक रितेश फौगाट ने हिम्मत दिखाते हुए घायल सॉफ्टवेयर इंजीनियर को जलती हुई कार से बाहर खींचकर उसकी जिंदगी बचाने की कोशिश की लेकिन गंभीर चोटों की वजह से इंजीनियर की मौत हो गई ।
The post Accident News : बहादुरी दिखा जलती गाड़ी से बाहर तो निकाला लेकिन नहीं बच सकी सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जान appeared first on Gurugram News Network.
