Bomb Threat : गुरुग्राम के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, सर्च ऑपरेशन जारी

Bomb Threat : सोमवार को गुरुग्राम के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है । धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है जिसके बाद ईमेल पाने वाले स्कूलों और मिनी सचिवालय में बम निरोधक दस्ता सर्च ऑपरेशन चला रहा है । डॉग स्क्वॉयड की टीमें भी स्कूल पहुंच चुकी है ।

सोमवार को गुरुग्राम के बड़े बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई मेल भेजा गया है । जिन स्कूलों को धमकी भरे ई मेल भेजे गए हैं उनमें ब्लू बेल्स स्कूल सेक्टर 4, एमिटी स्कूल, एयरफोर्स स्कूल, सलवान पब्लिक स्कूल शामिल हैं ।

धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया । सभी स्कूलों को खाली करा लिया गया है । सुरक्षा के मद्देनज़र अभिभावकों को सूचना देकर उनके बच्चों को स्कूल से ले जाने की जानकारी दी गई है । सभी जगहों पर डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ता मिलकर सर्च अभियान चला रहे हैं ।

वहीं दूसरी ओर गुरुग्राम पुलिस की साइबर क्राइम टीम ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी हुई है । साइबर क्राइम टीम पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ईमेल कहां से और किसने भेजा है ।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

ये पहली बार नहीं है जब गुरुग्राम के किसी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी का ईमेल मिला हो इससे पहले भी गुरुग्राम के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं लेकिन सघन चैकिंग अभियान के बाद ये ईमेल फर्जी पाए गए और कोरी अफवाह साबित हुए ।

लेकिन गुरुग्राम के स्कूलों को बार बार मिल रही इस तरह की धमकियों ने पुलिस के साथ साथ अभिवावकों की चिंताएं भी बढ़ा दी हैं । गुरुग्राम पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि ऐसी अफवाह फैलाने वाले या धमकी देने वालों के सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके ।

The post Bomb Threat : गुरुग्राम के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, सर्च ऑपरेशन जारी appeared first on Gurugram News Network.