Breaking News : अवैध कॉलोनियों पर अनिल विज का बड़ा एक्शन, संबंधित रजिस्ट्रारों पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश

Breaking News : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने यमुनानगर में आयोजित जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में अवैध कॉलोनियों, फर्जी रजिस्ट्रियों, अवैध कब्जों, प्रदूषण, ब्लैक मार्केटिंग तथा जनसमस्याओं से जुड़े मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान विज ने अवैध कॉलोनियां काटे जाने के मामलों में संलिप्त संबंधित रजिस्ट्रारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश जारी किए। इसके साथ ही जगाधरी के सेक्टर-17 में भूमि के एक टुकड़े की कथित अनियमित रजिस्ट्री के मामले में नगर निगम के सहायक अभियंता दीपक सुखीजा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए।

विज जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में कुल 15 परिवाद रखे गए, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष 8 मामलों को अगली बैठक तक निर्धारित समयसीमा में निपटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में एचएसवीपी सेक्टर-17, जगाधरी निवासी महेन्द्र तनेजा ने प्रॉपर्टी आईडी के आधार पर भूमि के एक टुकड़े को स्वीकृत कर रजिस्ट्री किए जाने की शिकायत रखी। इस मामले में अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट के आधार पर ऊर्जा मंत्री ने नगर निगम आयुक्त को सहायक अभियंता दीपक सुखीजा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए।

मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को भी निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी का तबादला हो चुका होने के बावजूद तत्काल कार्रवाई कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

The post Breaking News : अवैध कॉलोनियों पर अनिल विज का बड़ा एक्शन, संबंधित रजिस्ट्रारों पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश appeared first on Gurugram News Network.