दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर स्थित बिनौला और इसके आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में सफर करने वाले राहगीरों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। बिनौला इलाके में लंबे समय से चली आ रही सुरक्षित क्रॉसिंग की मांग को पूरा करते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने यहां एक नए फुट ओवर ब्रिज (FOB) का निर्माण कार्य तेज कर दिया है।
इस ब्रिज के बन जाने से स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ यहां की विभिन्न औद्योगिक कंपनियों में काम करने वाले हजारों कर्मचारियों को तेज रफ्तार वाहनों के बीच जान जोखिम में डालकर हाईवे पार करने से मुक्ति मिल जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बिनौला एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है जहाँ कई नामी कंपनियां और फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं। इन फैक्ट्रियों में रोजाना दिल्ली, गुरुग्राम, मानेसर और स्थानीय गांवों से हजारों की संख्या में मजदूर और कर्मचारी काम करने के लिए आते हैं।
हाईवे के दूसरी तरफ बस स्टॉप होने या निवास स्थान होने के कारण इन कर्मचारियों को प्रतिदिन तेज रफ्तार वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता था। फुट ओवर ब्रिज न होने के चलते यहां आए दिन भीषण सड़क हादसे होते रहते थे, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होता था।
एनएचएआई (NHAI) के परियोजना निदेशक योगेश तिलक ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि राजमार्ग पर यात्रियों और पैदल चलने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष योजना तैयार की गई है। इस योजना के तहत हाईवे पर कुल आठ (8) अलग-अलग स्थानों पर फुट ओवर ब्रिज बनाए जाने का निर्णय लिया गया है।
जगह और आवश्यकता को देखते हुए इसी कड़ी में बिनौला में भी फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। इन ब्रिजों के पूरी तरह तैयार हो जाने के बाद एनएच-48 पर होने वाले पैदल राहगीर हादसों में भारी कमी आएगी।
एनएचएआई अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य को समय सीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द जनता को समर्पित किया जा सके।
The post Gurugram News : बिनौला और मानेसर इंडस्ट्रियल एरिया के लिए बड़ी खबर, हादसों को रोकने के लिए बनेगा नया FOB appeared first on Gurugram News Network.
