DTP का मेगा एक्शन: 48 घंटे में 650 झुग्गियां ध्वस्त

DTP : जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की मुस्तैदी से सेक्टर-53 स्थित सरस्वती कुंज में अवैध कब्जेदारों और भू-माफियाओं के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया गया। सोमवार  और मंगलवार को  भारी पुलिस बल की मौजूदगी में करीब चार एकड़ मुख्य भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया। सेक्टर-53 थाना पुलिस के कड़े सुरक्षा घेरे में चली इस कार्रवाई के दौरान दो दिनों के भीतर खाटू श्याम मंदिर के पास बनी लगभग 650  अवैध झुग्गियों को मलबे में तब्दील कर दिया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सरस्वती कुंज की इस कीमती जमीन पर लंबे समय से अवैध रूप से झुग्गियां बनाकर कब्जा किया गया था। कार्रवाई के दौरान न सिर्फ इन 650  झुग्गियों को ध्वस्त किया गया, बल्कि सेक्टर-53 क्षेत्र के 42 अलग-अलग अलॉटेड प्लॉटों को भी अवैध कब्जे से पूरी तरह मुक्त कराया गया। अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेक्टर-53 थाना पुलिस की कई टीमें मौके पर तैनात रहीं, जिसके चलते पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

 प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई महज शुरुआत है। सरस्वती कुंज की विवादित और कीमती जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित विभाग के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी सरस्वती कुंज जिला गुरुग्राम में अतिक्रमण हटाओ अभियान (Demolition Drive) लगातार जारी रहेगा। जिन भी अन्य भूखंडों या सरकारी रास्तों पर अवैध निर्माण किए गए हैं, उन्हें चिन्हित कर लिया गया है और जल्द ही वहां भी पीला पंजा गरजेगा।

The post DTP का मेगा एक्शन: 48 घंटे में 650 झुग्गियां ध्वस्त appeared first on Gurugram News Network.