Drone City : प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि हांसी की ऐतिहासिक धरती से शुरू हुई ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट आने वाले समय में हरियाणा को तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि अब भारत केवल विदेशी तकनीकों का उपभोक्ता नहीं, बल्कि नई तकनीक विकसित कर विश्व को दिशा देने वाला देश बन रहा है। हरियाणा का युवा विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने की क्षमता रखता है।
मंत्री आज हांसी जिला के सिसाय गांव में आयोजित ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग एवं प्रशिक्षण परियोजना के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। मंत्री ने कहा कि दीप सिसाय एवं उनकी टीम ने गांव की धरती पर आधुनिक ड्रोन निर्माण इकाई स्थापित कर प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जापान, अमेरिका, जर्मनी और चीन जैसे देशों ने भी छोटी तकनीकी इकाइयों से शुरुआत कर वैश्विक पहचान बनाई थी। इसी प्रकार हरियाणा भी अब तकनीकी नवाचार और आधुनिक उद्योगों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को ड्रोन टेक्नोलॉजी का प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की भी पहल की गई है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को पारंपरिक रोजगारों के साथ-साथ ड्रोन संचालन, मोबाइल रिपेयरिंग एवं तकनीकी आधारित व्यवसायों की ओर भी बढ़ना चाहिए। सरकार युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार उपलब्ध करवाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा युवाओं को स्वरोजगार के लिए अनेक योजनाओं के तहत ऋण सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। पहले डेढ़ लाख रुपये तक के ऋण पर गारंटी की आवश्यकता होती थी, लेकिन अब योग्य युवाओं को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है। साथ ही सब्सिडी राशि भी बढ़ाई गई है ताकि अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। सरकार स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ऋण सीमा बढ़ाने की दिशा में भी कार्य कर रही है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी तथा विधायक श्री विनोद भयाना ने गांव में स्थापित ड्रोन सिटी का विधिवत रूप से उद्घाटन किया और प्रशिक्षित ड्रोन पायलटों को प्रमाण पत्र वितरित किया। इस संस्था के संस्थापक दीप सिहाग ने बताया कि 500 युवाओं को ड्रोन पायलट की ट्रेनिंग दी जाएगी।
The post Drone City : हरियाणा बनेगा ड्रोन मैन्यूफैक्चरिंग हब, इस शहर में लगाया गया ड्रोन प्लांट appeared first on Gurugram News Network.
