Section 163 : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा 3 मई को आयोजित होने वाली नीट यूजी 2026 (NEET UG) परीक्षा के लिए गुरुग्राम प्रशासन ने कमर कस ली है। परीक्षा की गरिमा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिले में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा का घेरा: धारा 163 प्रभावी
जिला उपायुक्त (DC) उत्तम सिंह ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले के सभी 18 परीक्षा केंद्रों पर और उनके 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है। इस नियम के तहत केंद्रों के आसपास भीड़ जमा करने, हथियार ले जाने, लाउडस्पीकर का उपयोग करने और वाहनों की पार्किंग पर पूरी तरह रोक रहेगी। इसके साथ ही, परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में आने वाली सभी फोटोस्टेट दुकानों और कोचिंग सेंटरों को परीक्षा के दौरान बंद रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
क्या ले जा सकते हैं और क्या नहीं?
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को केवल निम्नलिखित चीजें ले जाने की अनुमति होगी:
-
एडमिट कार्ड (Admit Card)
-
पासपोर्ट साइज फोटो
-
वैध पहचान पत्र (ID Proof)
-
पारदर्शी पानी की बोतल
इन पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध: मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, पेन स्कैनर जैसे किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को केंद्र के अंदर ले जाना पूरी तरह वर्जित है। इसके अलावा बैग, पर्स, बेल्ट, आभूषण, कैमरा, कैलकुलेटर और पेन ड्राइव जैसी वस्तुओं पर भी रोक लगाई गई है।
डीसी उत्तम सिंह का बयान
“जिले में 6,875 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। हमने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और मोबाइल जैमर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। तैनात स्टाफ का पुलिस सत्यापन भी कराया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।”
समय का रखें विशेष ध्यान
अभ्यर्थियों के लिए एंट्री सुबह 11 बजे से शुरू कर दी जाएगी। डीसी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दोपहर 1:30 बजे केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मुख्य परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को शाम 6 बजे तक का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे नियमों का सख्ती से पालन करें और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए समय से पहले केंद्र पर पहुँचें।
The post सावधान! गुरुग्राम में ‘Section 163’ लागू , इन चीजों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध : छोटी सी गलती पड़ सकती है भारी appeared first on Gurugram News Network.
