Panchayat By Election : गुरुग्राम में पंचायत चुनाव का बिगुल बजा, नामांकन शुरू, नोट कर लें वोटिंग और रिजल्ट की तारीख

Panchayat By Election : हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, गुरुग्राम जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में खाली पड़े पदों को भरने के लिए उपचुनाव का बिगुल बज गया है। जिला प्रशासन ने चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए अपनी कमर कस ली है।

उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया आज, 20 अप्रैल से शुरू हो गई है, जो 25 अप्रैल तक चलेगी। इच्छुक उम्मीदवार संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालयों में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच अपना पर्चा दाखिल कर सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल को की जाएगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 28 अप्रैल (दोपहर 3 बजे तक) निर्धारित की गई है।

 जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह ने जानकारी दी कि मतदान 10 मई (रविवार) को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। चुनाव की खास बात यह है कि मतदान खत्म होने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर ही वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। यदि किसी कारणवश पुनर्मतदान की आवश्यकता पड़ती है, तो उसके लिए 12 मई की तारीख सुरक्षित रखी गई है।

इन क्षेत्रों में होंगे चुनाव

पटौदी ब्लॉक: बासपदमका गांव में सरपंच पद के लिए चुनाव होगा।

सोहना ब्लॉक: बादशाहपुर ठेठर, खेड़ली लाला, मण्डावर और निमोठ में पंचायत समिति सदस्यों और विभिन्न वार्डों में पंच पदों के लिए उपचुनाव होंगे।

फर्रुखनगर और गुरुग्राम ब्लॉक:  विभिन्न वार्डों में पंच पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। प्रशासन ने चुनाव की निगरानी के लिए रिटर्निंग अधिकारियों (RO) और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (ARO) की नियुक्तियां कर दी हैं। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे आयोग के नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

The post Panchayat By Election : गुरुग्राम में पंचायत चुनाव का बिगुल बजा, नामांकन शुरू, नोट कर लें वोटिंग और रिजल्ट की तारीख appeared first on Gurugram News Network.