Seal : नगर निगम ने सीलिंग के बावजूद अवैध रूप से संचालित किए जा रहे रेडी मिक्स कंक्रीट(आरएमसी) प्लांट के खिलाफ बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। निगम की प्रवर्तन शाखा ने गांव नौरंगपुर स्थित आरडीसी आरएमसी प्लांट पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया।
इस प्लांट को निगम की टीम ने 29 जुलाई को बिना अनुमति संचालन के कारण सील किया था, लेकिन संचालक द्वारा सील खोलकर दोबारा संचालन किए जाने की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई ।
यह अभियान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ शशिकांत के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में एसडीओ विकास शर्मा, जेई देवेंद्र, जयबीर यादव, मंदीप, टेक्निकल सुपरवाइजर धीरज सहित निगम की प्रवर्तन शाखा के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। स्थानीय पुलिस सुरक्षा के बीच टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लांट की मशीनरी और अवैध ढांचे को ध्वस्त कर दिया।
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने कहा कि सीलिंग की कार्रवाई का उल्लंघन करना गंभीर कानूनी अपराध है। ऐसे मामलों में केवल प्लांट ध्वस्त ही नहीं किया जाएगा, बल्कि संचालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित प्लांट संचालक के खिलाफ आवश्यक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उन्होंने निगम क्षेत्र के सभी आरएमसी प्लांट संचालकों से कहा कि जिनके पास वैध लाइसेंस, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज हैं, वे उन्हें तत्काल निगम कार्यालय में प्रस्तुत करें। बिना वैध अनुमति संचालित किसी भी प्लांट को चलने नहीं दिया जाएगा।
The post Seal तोड़कर बन रहे थे समझदार, नगर निगम की टीम ने बुलडोज़र चलाकर मिट्टी में मिला दिया appeared first on Gurugram News Network.
