HSVP Action : गुरुग्राम में सेक्टर 47, 51 में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, सेक्टर 46 में अवैध RMC प्लांट पर कार्रवाई

HSVP Action : हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने शहर में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को विभाग के प्रवर्तन दस्ते ने सेक्टर 47 और 51 में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान (Encroachment Drive) चलाया।

इस दौरान करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया। साथ ही सेक्टर 46 में नियमों का उल्लंघन करने वाले एक आरएमसी (RMC) प्लांट को सील करने की बड़ी कार्रवाई की गई।

अभियान की शुरुआत सेक्टर 47 से हुई, जहाँ स्कूल और पार्किंग के लिए आरक्षित जमीन पर लंबे समय से भू-माफिया और अवैध कब्जाधारियों का जमावड़ा था। यहाँ चल रही अवैध नर्सरी, कार रिपेयरिंग शॉप, झुग्गियों और चाय के खोखों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।

विभाग ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुविधाओं के लिए निर्धारित जमीन पर किसी भी प्रकार का व्यावसायिक अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसके बाद दस्ता सेक्टर 51 पहुँचा, जहाँ पार्क के लिए चिन्हित भूमि पर एक पक्की दुकान बना ली गई थी। ड्यूटी मजिस्ट्रेट अशोक शर्मा और एचएसवीपी के एसडीओ की देखरेख में इस अवैध निर्माण को ढहा दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय निवासियों ने पार्क की जमीन पर कब्जे की शिकायत की थी, जिस पर तुरंत संज्ञान लिया गया।

प्रवर्तन दस्ते की एक अन्य टीम ने सेक्टर 46 में कार्रवाई की। एसडीओ अमित वशिष्ठ के नेतृत्व में जेई रामपाल कुंडू और मोइन खान ने पर्यावरण नियमों और भूमि उपयोग के उल्लंघन के चलते एक अवैध आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) प्लांट को पूरी तरह सील कर दिया। प्लांट संचालक के पास वैध दस्तावेज न होने के कारण यह सख्त कदम उठाया गया।

प्रशासक महोदया और संपदा अधिकारी-2 के कड़े निर्देश हैं कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाए। सेक्टर 47 और 51 में की गई यह कार्रवाई महज शुरुआत है; आने वाले दिनों में यह अभियान और भी आक्रामक तरीके से जारी रहेगा।

 

The post HSVP Action : गुरुग्राम में सेक्टर 47, 51 में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, सेक्टर 46 में अवैध RMC प्लांट पर कार्रवाई appeared first on Gurugram News Network.