NCR में EV-CNG पर हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, नए वाहन पर 100% टैक्स छूट, रजिस्ट्रेशन पर भी मिलेगा फायदा

NCR : हरियाणा सरकार ने एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की बैठक में हुए फैसलों को धरातल पर उतारना शुरु कर दिया है । सोमवार को हुई हरियाणा की कैबिनेट की बैठक में प्रदूषण को लेकर एनसीआर के जिलों के लिए एक बड़ा फैसला लिया गया है । अब हरियाणा सरकार उन लोगों को टैक्स में 100 फीसदी तक छूट देगी जो BS VI वाहन या EV-CNG बस और ट्रक खरीदेंगे । ये छूट अगले दस सालों तक लागू रहेगी ।

EV-CNG बस ट्रक खरीदने वालों को होगा फायदा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड (NCRPB) की सहायता योजना के तहत राज्य के एनसीआर जिलों में पुराने ट्रकों एवं बसों (बीएस-IV अथवा उससे पूर्व उत्सर्जन मानकों वाले) के प्रतिस्थापन पर मोटर वाहन कर में छूट प्रदान करने को मंजूरी दी गई ।

ट्रकों एवं बसों के लिए पात्र लाभार्थियों को नए बीएस-VI अथवा उससे कड़े उत्सर्जन मानकों वाले, इलेक्ट्रिक (EV) तथा सीएनजी ट्रकों एवं बसों की खरीद पर मोटर वाहन कर में 100 प्रतिशत छूट दी की जाएगी।

इसके अलावा ट्रकों एवं बसों के लिए योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पुराने (Used) बीएस-VI अथवा उससे कड़े उत्सर्जन मानकों वाले, इलेक्ट्रिक (EV) तथा सीएनजी ट्रकों एवं बसों की खरीद पर मोटर वाहन कर में 50 प्रतिशत छूट प्रदान की जाएगी । दोनों ही मामलों में मोटर वाहन कर में यह छूट 10 वर्ष की अवधि के लिए मान्य होगी।

इसके अलावा, योजना के तहत खरीदे गए नए वाहनों के पंजीकरण पर पंजीकरण शुल्क में भी छूट दी जाएगी । साथ ही, योजना में पुराने ट्रकों एवं बसों के साथ भाग लेने वाले लाभार्थियों को एक वर्ष से अधिक समय से लंबित देनदारियों में छूट प्रदान की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा के राज्यपाल ने भी राज्य के एनसीआर जिलों में पंजीकृत पुराने बीएस-IV अथवा उससे पूर्व उत्सर्जन मानकों के अनुरूप ट्रकों एवं बसों के संबंध में एक वर्ष से अधिक समय से लंबित बकाया देनदारियों में छूट प्रदान की है।

इस प्रोत्साहन से वाहन बेड़े के आधुनिकीकरण में तेजी आने, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन में कमी लाने तथा राज्य के एनसीआर जिलों में वायु गुणवत्ता में सुधार होने की अपेक्षा है, जिसमें 93458 ट्रक और 16329 बसें शामिल है।

The post NCR में EV-CNG पर हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, नए वाहन पर 100% टैक्स छूट, रजिस्ट्रेशन पर भी मिलेगा फायदा appeared first on Gurugram News Network.