Gurugram Police का बड़ा एक्शन: 81 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले 10 आरोपी गिरफ्तार, देश भर में फैला था नेटवर्क

Gurugram Police : साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए गुरुग्राम पुलिस ने एक बहुत बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने देशभर में फैले इस नेटवर्क के 28 साइबर अपराधियों की पहचान की है, जिनमें से 10 शातिर ठगों को धर-दबोचा गया है। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने अब तक मासूम लोगों से करीब 81.64 करोड़ रुपये की मोटी रकम डकारी है। (Gurugram Police)

पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा के निर्देश और एसीपी (साइबर अपराध) प्रियांशु दीवान के नेतृत्व में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 67.50 लाख रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए फोनों की जांच जब केंद्रीय एजेंसी (I4C) से करवाई गई, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए।

पकड़े गए अपराधियों का नेटवर्क इतना बड़ा था कि इनके खिलाफ पूरे भारत में 259 मामले दर्ज पाए गए हैं। इनमें से अकेले गुरुग्राम के विभिन्न साइबर थानों में 7 मामले दर्ज हैं। ये ठग इतने शातिर थे कि ये शेयर बाजार में निवेश का लालच देकर और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाते थे।

पूछताछ में पता चला कि यह गैंग मुख्य रूप से ‘इन्वेस्टमेंट फ्रॉड’ और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे तरीकों का इस्तेमाल करता था। ये लोग खुद को पुलिस या सरकारी अधिकारी बताकर डराते थे या फिर कम समय में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर बैंक खाते खाली करवा लेते थे। (Gurugram Police)

एसीपी प्रियांशु दीवान ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल, व्हाट्सएप मैसेज या निवेश के लुभावने ऑफर्स पर तुरंत भरोसा न करें। यदि कोई खुद को पुलिस अधिकारी बताकर डराए या पैसे की मांग करे, तो तुरंत इसकी सूचना नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें। (Gurugram Police)

The post Gurugram Police का बड़ा एक्शन: 81 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले 10 आरोपी गिरफ्तार, देश भर में फैला था नेटवर्क appeared first on Gurugram News Network.