Fire Accident : गुरुग्राम वेयरहाउस अग्निकांड में झुलसे सुपरवाइजर की मौत, परिजनों ने कंपनी पर लगाया साजिश का आरोप

Fire Accident :  साइबर सिटी के खेड़की दौला थाना क्षेत्र में स्थित एक वेयरहाउस में लगी भीषण आग ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं। 21 अप्रैल को ड्यूटी के दौरान झुलसे 31 वर्षीय सुपरवाइजर लक्ष्य सिंह चौहान की शनिवार को दिल्ली एम्स (AIIMS) में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और साजिश का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

मृतक के पिता मदन चौहान, जो दिल्ली के उत्तम नगर के निवासी हैं, ने बताया कि उनका बेटा लक्ष्य खेड़की दौला स्थित वेयरहाउस में सुपरवाइजर था। 21 अप्रैल की शाम जब परिजनों ने उसे फोन किया, तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। अनहोनी की आशंका होने पर जब ऑफिस के साथियों से संपर्क किया गया, तो पता चला कि शाम करीब 4 बजे वेयरहाउस में लगी आग की चपेट में आने से लक्ष्य बुरी तरह झुलस गया है।

परिजनों का सबसे गंभीर आरोप यह है कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद कंपनी प्रबंधन ने परिवार को कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी।

मदन चौहान ने पुलिस को बताया कि कंपनी के कर्मचारी अलग-अलग कहानियां सुना रहे हैं, जिससे उन्हें किसी गहरी साजिश का संदेह हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी में फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण आग ने इतना विकराल रूप लिया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि हादसे के तुरंत बाद लक्ष्य को सही और समय पर इलाज दिलाने में लापरवाही बरती गई। परिजनों ने कंपनी के मालिक और वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

खेड़की दौला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और घटनास्थल के तकनीकी निरीक्षण के बाद यह स्पष्ट हो पाएगा कि आग लगने के वास्तविक कारण क्या थे और क्या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया गया था। फिलहाल, मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है।

The post Fire Accident : गुरुग्राम वेयरहाउस अग्निकांड में झुलसे सुपरवाइजर की मौत, परिजनों ने कंपनी पर लगाया साजिश का आरोप appeared first on Gurugram News Network.