DTP Action : पॉश इलाकों में अतिक्रमण पर चला पीला पंजा, 1000 से अधिक अवैध निर्माण जमींदोज

DTP Action : पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा ‘स्टिल्ट प्लस फोर’ (S+4) पॉलिसी पर रोक के बाद हरियाणा सरकार ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में आज टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (TCP) विभाग के प्रवर्तन दस्ते (Enforcement Wing) ने गुरुग्राम की लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में अब तक का सबसे बड़ा अतिक्रमण विरोधी महाअभियान चलाया। डीएलएफ फेज-1 से शुरू हुए इस अभियान में विभाग की 8 टीमों ने एक साथ विभिन्न क्षेत्रों में सैकड़ों अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया।

यह पूरा अभियान डीटीपीई (एन्फोर्समेंट) अमित मधोलिया की सीधी निगरानी में चलाया गया। एटीपी और प्लानिंग असिस्टेंट स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व वाली टीमों ने सड़कों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर वर्षों से काबिज अवैध कब्जों को हटाया। यह कार्रवाई हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव  अनुराग अग्रवाल द्वारा 16 अप्रैल को जारी उन निर्देशों का हिस्सा है, जिसमें 22 अप्रैल तक अतिक्रमण हटाने की विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है।

विभाग ने इस महाअभियान के दौरान बिना किसी रियायत के निम्नलिखित अवैध ढांचों पर कार्रवाई की

गार्ड रूम/पोर्टा केबिन: 215 से अधिक ध्वस्त

पार्क अतिक्रमण: 250 से अधिक स्थानों पर सफाई

रैंप/सीढ़ियां: 100 से अधिक हटाई गईं

चारदीवारी/फेंसिंग: 110 से अधिक मामलों में कार्रवाई

अवैध गेट/बैरियर: 50 से अधिक हटाए गए

दुकान/कियोस्क/टिन शेड: 40 से अधिक नष्ट किए गए

अन्य (टॉयलेट/लेबर क्वार्टर): 50 से अधिक हटाए

 बोधी मार्ग, अर्जुन मार्ग और पश्चिम मार्ग पर व्यावसायिक क्षेत्रों के अवैध विस्तार और गार्ड रूम हटाए गए। यह आज की कार्रवाई का मुख्य केंद्र रहा।साउथ सिटी-1: यहा सड़कों को अवरोध मुक्त करने के लिए अवैध गेट, टिन शेड और लेबर क्वार्टरों को हटाया गया।पालम विहार: बड़े पैमाने पर अवैध चारदीवारी और फेंसिंग पर पीला पंजा चला। आरडी सिटी, मालिबू टाउन, रोजवुड सिटी और सनसिटी में पार्क अतिक्रमण और अस्थायी ढांचों को मुक्त कराया गया।

 डीटीपीई अमित मधोलिया ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यह अभियान अभी थमेगा नहीं। उन्होंने कहा हमने पहले भी सार्वजनिक सूचना के जरिए अपील की थी। जो लोग अब भी स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटा रहे हैं, उनके खिलाफ बिना किसी छूट के सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।  विभाग अब गुरुग्राम की सभी लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में चरणबद्ध तरीके से इस अभियान को आगे बढ़ाएगा।

The post DTP Action : पॉश इलाकों में अतिक्रमण पर चला पीला पंजा, 1000 से अधिक अवैध निर्माण जमींदोज appeared first on Gurugram News Network.