Good News/गुरुग्राम
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर रोजाना घंटों लगने वाले भीषण जाम से परेशान वाहन चालकों के लिए (Good News) राहत भरी खबर है। सिरहौल बॉर्डर से शंकर चौक (साइबर सिटी) के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के बाद अब गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने भी अपनी मंजूरी दे दी है। रियल एस्टेट कंपनी DLF द्वारा प्रस्तावित इस सड़क के बनने से सिरहौल बॉर्डर से साइबर सिटी के बीच यातायात पूरी तरह सुगम हो जाएगा।
Good News : 700 मीटर के सफर में लगता था आधा घंटा
वर्तमान में सिरहौल बॉर्डर से शंकर चौक के बीच की दूरी महज 700 मीटर है, लेकिन सुबह और शाम के पीक आवर्स (कार्यालय समय) में इसे पार करने में वाहन चालकों को 30 से 40 मिनट तक का समय लग जाता है। वाहनों की लंबी कतारों का असर दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे समेत आसपास के पूरे इलाके पर पड़ता है। एलिवेटेड रोड बनने के बाद मुख्य ट्रैफिक ऊपर से निकल जाएगा, जिससे नीचे की सड़कों पर गाड़ियों का दबाव न के बराबर रह जाएगा।
Good News : व्यापार और रोजगार केंद्रों को मिलेगा नया रफ्तार
साइबर सिटी और उद्योग विहार गुरुग्राम के प्रमुख कमर्शियल और एम्प्लॉयमेंट हब हैं, जहां दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद से रोजाना हजारों कर्मचारी आते हैं। इसके अलावा एंबियंस मॉल जाने वाले लोगों की वजह से भी दिनभर इस रूट पर गाड़ियों की आवाजाही बनी रहती है।
जाम की समस्या के कारण कई बार निवेशक और कारोबारी गुरुग्राम के बजाय दिल्ली में बैठकें करना पसंद करते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस एलिवेटेड रोड के शुरू होने से न केवल लोगों का समय बचेगा, बल्कि साइबर सिटी और उद्योग विहार इलाके में व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
Good News : निर्माण के दौरान ट्रैफिक मैनेजमेंट रहेगा सबसे बड़ा चैलेंज
GMDA से मंजूरी मिलने के बाद अब प्रोजेक्ट की तकनीकी और वित्तीय प्रक्रिया पर काम शुरू होगा। हालांकि, निर्माण कार्य के दौरान एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखना अधिकारियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। इसके लिए जल्द ही एक व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया जाएगा।
क्या कहते हैं अधिकारी? “DLF द्वारा प्रस्तुत इस प्रस्ताव पर GMDA ने अपनी सहमति दे दी है। इस पूरी परियोजना का निर्माण कार्य DLF द्वारा ही किया जाएगा। सिरहौल बॉर्डर से साइबर सिटी के बीच वाहनों का भारी दबाव रहता है। इस एलिवेटेड रोड के तैयार होने से लोगों को ट्रैफिक जाम से स्थाई राहत मिलेगी।” — प्रवीण चौधरी, चीफ इंजीनियर (रोड), GMDA
The post Good News: सिरहौल बॉर्डर से शंकर चौक तक बनेगा नया एलिवेटेड रोड, GMDA और NHAI की हरी झंडी appeared first on Gurugram News Network.
