Monsoon में गुरुग्राम के Water Logging से बचाने के लिए अधिकारियों की भागदौड़, बारिश के दौरान होगी ‘जलपरीक्षा’

Monsoon : मॉनसून से पहले गुरुग्राम में व्यवस्थाओं को लेकर गुरुग्राम नगर निगम ने पूरी तरह अपनी कमर कस ली है । नगर निगम के अधिकारियों की पूरी कोशिश है कि इस साल मॉनसून के दौरान गुरुग्राम को किसी तरह जलभराव से बचाया जाए इसको लेकर अब गुरुग्राम नगर निगम के अधिकारी लगातार जलभराव वाले संभावित इलाकों के दौरे कर रहे हैं । कर्मचारियों को काम पर लगाकर लगातार सीवर और नालों की सफाई करा रहे हैं लेकिन क्या अधिकारियों की ये भागदौड़ इस साल गुरुग्राम को जलभराव से बचा पाएगी इस बात का पता तो बारिश होने के बाद ही पता चलेगा ।

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को नगर निगम के अतिरिक्त निगमायुक्त एवं संयुक्त आयुक्त अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण के लिए पहुंचे। अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था, कचरा उठान, गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) की स्थिति, मानसून तैयारियों, मैनपावर एवं मशीनरी की उपलब्धता के साथ ही पंपिंग व्यवस्था और जलभराव संभावित स्थानों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित टीमों को फील्ड में लगातार सक्रिय रहने तथा सफाई और मानसून प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

राजीव चौक से हीरो होंडा चौक तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण

अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी ने राजीव चौक से हीरो होंडा चौक तक राष्ट्रीय राजमार्ग, सर्विस लेन एवं ड्रेन का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम द्वारा किए जा रहे सफाई कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में किसी भी स्थान पर कूड़ा जमा नहीं होना चाहिए। उन्होंने सफाई टीमों को नियमित रूप से क्षेत्र की निगरानी करने और कचरा मिलने पर तत्काल उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रेनेज व्यवस्था का भी जायजा लिया, ताकि बरसात के दौरान पानी की निकासी सुचारू बनी रहे।

अतिरिक्त निगमायुक्त कुशल कटारिया ने वार्ड-34 के राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में गोल चक्कर, विश्वकर्मा मंदिर गली, एकता वाली गली सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव संभावित स्थानों की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था तथा उपलब्ध संसाधनों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान टीमें पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी स्थान पर जलभराव की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. जयवीर यादव ने डुंडाहेड़ा स्थित बैंक गली, सुनारों वाली गली, सरहौल, सेक्टर-18, अंबेडकर भवन, सिकंदरपुर और नाथूपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था के साथ-साथ मानसून तैयारियों और जलभराव से निपटने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को मैनपावर, पंप और अन्य आवश्यक मशीनरी को पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तुरंत तैनात किया जा सके।

एमजी रोड पर गंदगी फैलाने वालों के किए चालान

एमजी रोड के निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. जयवीर यादव ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने तथा डस्टबिन नहीं रखने वाले वेंडर्स के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की। नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए गए तथा उन्हें स्वच्छता नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ पूजा चांवरिया, संयुक्त आयुक्त डॉ नरेश कुमार, सपना यादव व रविन्द्र मलिक ने भी अपने जोन क्षेत्रों में जाकर सफाई व्यवस्था व मानसून तैयारियों को देखा।

सफाई और मानसून प्रबंधन में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : निगमायुक्त प्रदीप दहिया

निगमायुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना और मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देना नगर निगम की प्राथमिकता है। सभी वरिष्ठ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल रिपोर्ट पर निर्भर न रहें, बल्कि स्वयं फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें।

जलभराव संभावित स्थानों पर मैनपावर, पंप और मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा कचरा उठान, जीवीपी क्लियरेंस और नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाएं, निर्धारित स्थानों एवं डस्टबिन में ही कचरा डालें तथा शहर को स्वच्छ और बेहतर बनाने में नगर निगम का सहयोग करें।

The post Monsoon में गुरुग्राम के Water Logging से बचाने के लिए अधिकारियों की भागदौड़, बारिश के दौरान होगी ‘जलपरीक्षा’ appeared first on Gurugram News Network.