Stunt On Expressway : सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले स्टंट वीडियो अब युवाओं पर भारी पड़ने लगे हैं । गुरुग्राम में एक युवक का चलती कार की छत पर बैठकर हाईवे पर स्टंट करने का वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान भी कर ली गई है और उसे नोटिस जारी किया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक्सप्रेसवे पर किया जानलेवा स्टंट
वायरल वीडियो में एक युवक चलती कैब की छत पर बैठकर सफर करता दिखाई दे रहा है । वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जिस कार की छत पर युवक बैठा हुआ है वो एक कैब है और ऐसा भी नहीं है कि इस कार में कोई सनरुफ हो इसीलिए ये और खतरनाक हो गया क्योंकि कार की छत पर बैठे ये व्यक्ति कभी भी छत से नीचे गिर सकता था । यह वीडियो गुरुग्राम के थाना सदर क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने न सिर्फ यातायात नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि अपनी और सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी जोखिम में डाल दी।
FIR दर्ज, आरोपी की पहचान
गुरुग्राम पुलिस ने वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना सदर में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे नियमानुसार नोटिस भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने दी सख्त चेतावनी
गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों पर चलती गाड़ी की छत पर बैठकर सफर करना, खतरनाक स्टंट करना, ओवरस्पीडिंग करना या ऐसा कोई भी कृत्य जिससे दूसरों की जान खतरे में पड़े, गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
लोगों से की अपील
पुलिस ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स, व्यूज़ या प्रसिद्धि पाने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट या खतरनाक वीडियो बनाने से बचें। गुरुग्राम पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो पर लगातार निगरानी रख रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
The post Stunt On Expressway : चलती कार की छत पर स्टंट करना पड़ा भारी! वायरल वीडियो के बाद गुरुग्राम पुलिस का बड़ा एक्शन appeared first on Gurugram News Network.
