Breaking News : गुरुग्राम की सुल्तानपुर झील के आसपास प्रतिबंधित दायरे में बसी हुई 11 कॉलोनियों को वैध करने की तैयारी की जा रही है । मानेसर नगर निगम ने इन 11 कॉलोनियों को वैध करने के लिए सर्वे रिपोर्ट तैयार कर वन्य जीव विभाग को भेज दी है । जिस पर अंतिम फैसला लेने के लिए रिपोर्ट को वन्य जीव विभाग ने मुख्यालय में भेज दिया है ।
अधिकारियों का कहना है कि इन सभी 11 कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है जिस पर अंतिम फैसला स्टेट वाइल्ड लाइफ बोर्ड की बैठक में लिया जाएगा । राज्य बोर्ड द्वारा हरी झंडी मिलने के बाद इस फाइल को नेशनल बोर्ड फॉर वाइल्ड लाइफ के पास भेजा जाएगा ।
2005 से बसाई जा रही हैं कॉलोनियां
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर झील के पास बसी इन 11 कॉलोनियों में 25 हज़ार से ज्यादा की आबादी रहती है । सुल्तानपुर झील और राष्ट्रीय उद्यान के आसपास पांच किलोमीटर का दायरा किसी भी प्रकार के निर्माण के प्रतिबंधित है लेकिन ये कॉलोनियां दो दशक पहले 2005 से बसाई जा रही हैं ।
इतना ही नहीं यहां पर लगातार अवैध कॉलोनियां बसाने का काम जारी है । कुछ कॉलोनियां तो ऐसी हैं जो साल 2020 के बाद बहुत तेज़ी से विकसित हुईं हैं । वन्य जीव विभाग द्वारा लगाई गई पाबंदियो के बावजूद यहां पर बड़े पैमाने पर निर्माण होता रहा और ये कॉलोनियां विकसित हो गई । जिसके बाद अब मानेसर नगर निगम इन कॉलोनियों को वैध करने के विकल्प पर काम कर रहा है ।
184 अवैध निर्माणों पर लटकी तलवार
ऐसा नहीं है कि सुल्तानपुर झील के पास प्रतिबंधित एरिया में सभी कॉलोनियां वैध की जाएंगी बल्कि मानेसर नगर निगम ने ऐसे 184 अवैध निर्माणों की सूची भी तैयार की है जिनकों तोड़ा जाना है । इनमें रिहायशी मकान, कमर्शियल बिल्डिंग और कॉलेज-स्कूल की इमारते भी शामिल हैं ।
कुछ लोगों ने सुल्तानपुर झील की दीवार के पास तक फार्महाउस बना लिए हैं । वन्य जीव विभाग ने ऐसे निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी लिखा है ।
कॉलोनियां वैध होने के बाद मिलेंगी सुविधाएं
इन 11 कॉलोनियों के वैध होने के बाद इलाके में पक्की सड़कें , सीवर, पानी जैसी सुविधाएं मिलनी शुरु हो जाएंगी । फिलहाल इन कॉलोनियों में लोगों के पीने के लिए भी पानी की व्यवस्था नहीं है । पीने के पानी के लिए लोगों ने सबमर्सिबल लगाई हुई हैं जिसकी वजह से भूजल स्तर पर असर पड़ रहा है ।
The post Breaking News : सुल्तानपुर झील के पास 11 कॉलोनियों को किया जाएगा वैध, 184 निर्माणों को तोड़ा जाएगा appeared first on Gurugram News Network.
