Gurugram Firing : साइबर सिटी गुरुग्राम एक बार फिर गैंगवार की गूंज से थर्रा उठा है। कन्हई गांव में बीती रात मशहूर हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट मैनेजर सौरभ यादव के घर पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इस हमले में सौरभ की सुरक्षा में तैनात सिपाही कुलविंदर को दो गोलियां लगी हैं। उन्हें गंभीर हालत में मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, हमला आधी रात के करीब हुआ। दो नकाबपोश हमलावर बाइक पर आए और सौरभ यादव के घर को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया। सौरभ यादव की सुरक्षा के लिए तैनात पीएसओ (PSO) ने जब जवाबी कार्रवाई की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर सीधी गोलियां दाग दीं।
सौरभ यादव ने पुलिस को बताया कि उन्हें पिछले कुछ समय से कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल की ओर से लगातार धमकियां मिल रही थीं। विवाद की जड़ सिंगर फाजिलपुरिया के हालिया हिट गाने ‘लारी लारी’ के प्रमोशन और लेन-देन से जुड़ी बताई जा रही है। गैंगस्टर ने पहले ही सौरभ को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और स्वैट (SWAT) टीम मौके पर पहुँची। पुलिस को घटनास्थल से गोलियों के कई खाली खोल मिले हैं। पुलिस आसपास के घरों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। कन्हई गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने सौरभ यादव के बयान के आधार पर गैंगस्टर दीपक नांदल और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
The post Gurugram Firing : हरियाणवी सिंगर फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर पर फायरिंग, बदमाशों ने सिपाही को मारी गोली appeared first on Gurugram News Network.
