Bulldozer Action : सेक्टर 45 और 47 में HSVP की बड़ी कार्रवाई, अब नहीं बचेंगे अवैध कब्जे

Bulldozer Action : हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के एस्टेट ऑफिस-दो की टीम ने गुरुवार को अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर 45 और 47 में करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन को खाली कराया। संपदा अधिकारी (एस्टेट ऑफिसर) डॉ. अनुपमा मलिक के सख्त निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया।

पहली बड़ी कार्रवाई सेक्टर 45 में कन्हई गाँव के राजस्व क्षेत्र में हुई। यहाँ सर्वे टीम ने लगभग 2 एकड़ जमीन से अवैध निर्माण और कब्जे हटाए।  इस जमीन के एक हिस्से पर स्कूल साइट प्रस्तावित है। शेष जमीन वर्तमान में ‘अनप्लैंड’ है, जिसकी अब नए सिरे से प्लानिंग की जाएगी। इसके अलावा, विभाग ने एक रेजिडेंशियल प्लॉट पर किए गए अवैध कब्जे को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस टीम का नेतृत्व एसडीओ अमित वशिष्ठ और कनिष्ठ अभियंता (JE) मोईन खान ने किया।

दूसरी टीम ने कनिष्ठ अभियंता गौरव यादव के नेतृत्व में सेक्टर 47 में मोर्चा संभाला। यहाँ मुख्य रूप से इकेया (IKEA) कंपनी के साथ लगती एचएसवीपी की बेशकीमती जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर आकाशदीप मौजूद रहे, जिनकी निगरानी में शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण हटाया गया।

संपदा अधिकारी डॉ. अनुपमा मलिक ने स्पष्ट कर दिया है कि सेक्टर्स में अवैध कब्जों को लेकर विभाग अब जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगा। विभाग के प्रयासों में अब कोई नरमी नहीं बरती जाएगी और आने वाले दिनों में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस मौके पर विभाग की ओर से कनिष्ठ अभियंता विकास सैनी, अमनदीप सिंह और रामपाल आर्य सहित अन्य कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहा।

The post Bulldozer Action : सेक्टर 45 और 47 में HSVP की बड़ी कार्रवाई, अब नहीं बचेंगे अवैध कब्जे appeared first on Gurugram News Network.