Fire In Auto : राजीव चौक पर सीएनजी ऑटो में लगी आग, स्टेयरिंग पर ही जिंदा जला चालक

Fire In Auto : साइबर सिटी गुरुग्राम के सबसे व्यस्त चौराहे, राजीव चौक पर सोमवार देर रात एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ। हाईवे पर चलते हुए एक सीएनजी (CNG) ऑटो में अचानक जोरदार धमाका हुआ और वह आग का गोला बन गया। आग इतनी भीषण थी कि ऑटो चला रहे युवक को संभलने या बाहर निकलने का रत्ती भर भी मौका नहीं मिला और वह स्टयरिंग पर ही जिंदा जल गया।

यह दर्दनाक वाकया रात करीब 2 बजे का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो राजीव चौक फ्लाईओवर से उतरकर हीरो होंडा चौक की तरफ जा रहा था। जैसे ही ऑटो ढलान से नीचे आया, उसमें से धुआं निकलने लगा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, एक जोरदार आवाज के साथ आग की लपटें आसमान छूने लगीं। गैस रिसाव के कारण आग ने चंद सेकंड में पूरे ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद नाहरपुर रूपा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। दमकल विभाग ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक ऑटो केवल लोहे का ढांचा रह गया था। पुलिस को चालक की सीट पर एक बुरी तरह जली हुई लाश मिली, जिसकी शिनाख्त करना नामुमकिन था।

ऑटो के पीछे गुरुग्राम पुलिस द्वारा जारी एक सुरक्षा आईडी लगी थी। उस पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर वह लगातार बंद मिला। ऑटो का नंबर चेक करने पर पता चला कि यह ‘अर्जुन नगर’ के किसी व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस की टीमें अब अर्जुन नगर और आसपास के इलाकों में ऑटो मालिकों से संपर्क कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि रात को गाड़ी कौन लेकर निकला था।

प्रारंभिक जांच में सिलेंडर फटना या गैस रिसाव ही आग का मुख्य कारण माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि अक्सर पुरानी सीएनजी किट या अवैध रूप से कराई गई फिटिंग ऐसे हादसों का कारण बनती है। इस घटना ने एक बार फिर सीएनजी वाहनों की सुरक्षा और उनकी पीरियोडिक जांच (Hydro-testing) की अनिवार्यता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

The post Fire In Auto : राजीव चौक पर सीएनजी ऑटो में लगी आग, स्टेयरिंग पर ही जिंदा जला चालक appeared first on Gurugram News Network.