Murder In School : हरियाणा के गुरुग्राम स्थित हेलीमंडी के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्कूल पहुंचे शिक्षकों और स्टाफ ने परिसर के अंदर एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। फर्श पर चारों ओर खून फैला हुआ था, जिसे देख स्टाफ के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक और डॉग स्क्वाड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय रवि के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले का रहने वाला था। रवि अपने परिवार के साथ हेलीमंडी इलाके में किराए के मकान में रहता था और फिलहाल काम की तलाश कर रहा था। परिजनों के अनुसार, रवि गुरुवार रात से ही लापता था और शुक्रवार सुबह पुलिस के जरिए उन्हें उसकी हत्या की खबर मिली। रवि अविवाहित था और उसके पिता की मृत्यु कई साल पहले हो चुकी थी।
पुलिस को घटनास्थल से शराब की एक खाली बोतल और नमकीन के कुछ पैकेट मिले हैं। प्रारंभिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या किसी भारी वस्तु से सिर पर वार करके की गई है। हालांकि, हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
वारदात की सूचना मिलते ही भारी संख्या में स्थानीय लोग स्कूल के बाहर जमा हो गए। पुलिस ने इलाके को सील कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारी अब स्कूल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि रवि किसके साथ और कब स्कूल के अंदर दाखिल हुआ था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहनता से तफ्तीश जारी है।
The post Murder In School : स्कूल में युवक की बेरहमी से हत्या, डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम ने जुटाए सुराग appeared first on Gurugram News Network.
