Gurugram : गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में नगर निगम गुरुग्राम की वित्त एवं संविदा समिति (एफएंडसीसी) की 9वीं बैठक निगम कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से 171 करोड़ रुपए की लागत के 26 विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में सड़कों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण, पेयजल एवं सीवरेज नेटवर्क के विस्तार, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज, विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, सदर बाजार में सीसीटीवी लगाने तथा आधुनिक तकनीक आधारित जल प्रबंधन से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा कर उन्हें मंजूरी दी गई।
बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में वर्षों से लंबित आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए पेयजल आपूर्ति, सीवर लाइन, वर्षा जल निकासी, सड़कों के पुनर्निर्माण तथा इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने से संबंधित परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा एमसीजी के बूस्टिंग स्टेशनों पर इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फ्लो मीटर, स्काडा सिस्टम एवं आरटीयू पैनल स्थापित करने, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए रिजर्व स्टोर की स्थापना, विभिन्न क्षेत्रों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने तथा सदर बाजार में 235 सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई ।
इन इलाकों में लगेंगे करोड़ो रुपए
बैठक में खांडसा, सेक्टर-10, सरस्वती एन्क्लेव, मालिबू टाउन, तिगरा, सेक्टर-50, मोहम्मदपुर झाड़सा, दरबारीपुर, अर्जुन नगर, सिकंदरपुर, डूंडाहेड़ा, सरहौल, सेक्टर-22ए, पालम विहार, सेक्टर-17ए, सेक्टर-17सी तथा साउथ सिटी-1 सहित अनेक क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, सीवरेज एवं ड्रेनेज से जुड़े विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। समिति ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ धरातल पर उतारा जाए ताकि नागरिकों को शीघ्र बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि गुरुग्राम के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वित्त एवं संविदा समिति द्वारा स्वीकृत विकास कार्य शहर की सड़क, पेयजल, सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था को नई मजबूती देंगे। हमारा प्रयास है कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हो तथा नागरिकों को शीघ्र इनका लाभ मिले।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि समिति द्वारा स्वीकृत सभी परियोजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम गुरुग्राम शहर के समग्र एवं सतत विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
बैठक में निगमायुक्त प्रदीप दहिया, एफएंडसीसी सदस्य अनूप सिंह व सुंदर सिंह, चीफ इंजीनियर विजय ढाका, डीटीपी डॉ सिद्धार्थ खंडेलवाल, कार्यकारी अभियंता संदीप धुंधवाल, सचिन यादव व तुषार यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
The post Gurugram में ‘विकास’ के लिए 171 करोड़ रुपए मंजूर ! सीवरेज-ड्रेनेज-सड़क पर खर्च होंगे करोड़ों रुपए appeared first on Gurugram News Network.
