Gurugram में आज एक और सोसाइटी में गिरा बालकॉनी का प्लास्टर, दो बार हो चुका स्ट्रक्चरल ऑडिट फिर भी बुरे हालात

Gurugram में लगातार हाइराइज सोसाइटियों में प्लास्टर गिरने की घटनाएं बढती ही जा रही है । एक दिन पहले ही सोहना के सेक्टर 33 में ब्रीज ग्लोबल हाइट्स सोसाइटी की घटना के बाद मंगलवार सुबह सुबह भी गुरुग्राम की एक नामी सोसाइटी के फ्लैट का प्लास्टर गिरने की वजह से मामले को और तूल मिल गया है । पिछले एक महीने में ऐसी लगभग 5 घटनाएं हो चुकी हैं । ऐसे में गुरुग्राम में बनी सोसाइटियों में इस्तेमाल की गई निर्माण सामग्री की क्वालिटी पर सवालिया निशान उठने शुरु हो गए हैं ।

सुबह सुबह गिरा प्लास्टर

दरअसल गुरुग्राम के सेक्टर 82 में मेप्स्को बिल्डर द्वारा बनाई गई Royale Ville सोसाइटी के एक फ्लैट के किचन की बालकॉनी का प्लास्टर अचानक गिर गया । प्लास्टर गिरने की वजह से धमाके जैसी आवाज हुई जिसके बाद फ्लैट में मौजूद लोगों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौैल हो गया । गनीमत रही कि जिस समय ये हादसा हुआ उस समय बालकॉनी में कोई मौजूद नहीं था ।

ये हादसा सेक्टर 82 की सोसाइटी Royale Ville के मोनार्क टॉवर में हुआ । जहां तीसरे फ्लोर पर बने फ्लैट का प्लास्टर अचानक गिर गया । जानकारी मिली है कि इस सोसाइटी का पजेशन आज से 7 साल पहले ही मिला था । इतने कम समय में करोड़ों रुपए के फ्लैट वाली सोसाइटियों में होते इस तरह के हादसे सवालिया निशान खड़े करते हैं ।

दो बार हुआ स्ट्रक्चरल ऑडिट फिर भी नहीं सुधरे हालात

Royale Ville सोसाइटी में सुबह सुबह हुए इस हादसे ने ना केवल बिल्डर की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं बल्कि सरकारी अधिकारियों के द्वारा जारी आदेशों की भी अवेहलना सामने आई है । फ्लैट के मालिक ने बताया कि इस सोसाइटी में निवासियों के आग्रह पर डीटीपी विभाग ने साल 2022 और साल 2023 में इस सोसाइटी का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया था जिसके बाद बिल्डर को मरम्मत के लिए जरुरी कदम उठाने के लिए आदेश दिया गया था ।

लेकिन बिल्डर ने अधिकारियों के निर्देशों को धत्ता बताते हुए किसी प्रकार की कोई मरम्मत नहीं कराई । ऐसे में दो दो बार स्ट्रक्चरल ऑडिट होने के बाद मिली कमियों को दूर ना करना लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है । कुछ निवासियों ने सोसाइटी की RWA पर भी आरोप लगाते हुए कहा है कि ये RWA की जिम्मेवारी है कि वो बिल्डर पर मरम्मत का कार्य करवाएं लेकिन पिछले कई सालों में ये काम नहीं करवाए गए हैं ।

किसी बड़े हादसे का इंतज़ार

गुरुग्राम में लगातार होते इस तरह के हादसे के बाद भी जिला प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है जिससे सवाल ये खड़ा हो गया है कि क्या जिला प्रशासन को भी कोई बड़ा हादसा होने का इंतज़ार है । जब कोई बड़ा हादसा होगा तो खानापूर्ति करने के लिए ऐसे लापरवाह बिल्डरों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा ।

The post Gurugram में आज एक और सोसाइटी में गिरा बालकॉनी का प्लास्टर, दो बार हो चुका स्ट्रक्चरल ऑडिट फिर भी बुरे हालात appeared first on Gurugram News Network.