NO ENTRY In Delhi : दिल्ली में दो दिन भारी वाहनों की एंट्री पर रोक, गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने योजना बना लागू किया प्लान

No Entry In Delhi : स्वतंत्रता दिवस 2026 को लेकर गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली की ओर जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर निर्धारित समय के दौरान पूरी तरह रोक रहेगी। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित समय में अपने वाहन दिल्ली की ओर न लेकर जाएं।

12 अगस्त शाम से दिल्ली में भारी वाहनों की एंट्री बंद

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 शाम 5 बजे से 13 अगस्त 2026 दोपहर 1:30 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का दिल्ली की सीमा में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इसके बाद स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 14 अगस्त 2026 शाम 5 बजे से 15 अगस्त 2026 दोपहर 1:30 बजे तक भी दिल्ली में भारी मालवाहक वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी। यह प्रतिबंध विशेष रूप से NH-48 और अन्य मार्गों से दिल्ली में प्रवेश करने वाले भारी मालवाहक वाहनों पर लागू होगा।

इन जरूरी वाहनों को मिलेगी छूट

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। इनमें मुख्य रूप से दूध ले जाने वाले वाहन, फल और सब्जी के वाहन, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, अन्य आवश्यक सामग्री वाले वाहन शामिल हैं ।

एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को नहीं होगी परेशानी

दिल्ली एयरपोर्ट जाने वाले यात्री वाहनों पर NH-48 से दिल्ली की ओर जाते समय कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। इसके अलावा यात्री दिल्ली एयरपोर्ट जाने के लिए द्वारका एक्सप्रेसवे का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

इन जिलों की ओर जाने वाले वाहनों पर कोई रोक नहीं

गुरुग्राम से पलवल, नूंह (मेवात), फरीदाबाद, झज्जर, रेवाड़ी और राजस्थान की ओर जाने वाले वाहनों पर इस एडवाइजरी के तहत किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं रहेगा।

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर ट्रैफिक पुलिस की बैठक

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर 11 अगस्त 2026 को पुलिस उपायुक्त यातायात प्रतीक गहलोत IPS ने अपने कार्यालय में बैठक की। बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय/हाईवे सत्यपाल यादव HPS, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पूर्व इंद्रजीत HPS, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पश्चिम संजय HPS समेत सभी यातायात निरीक्षक मौजूद रहे।

बैठक के दौरान पुलिस उपायुक्त यातायात ने अधिकारियों और यातायात निरीक्षकों को स्वतंत्रता दिवस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान अतिरिक्त सतर्कता और मुस्तैदी बरतने के निर्देश दिए गए।

ट्रक और कैंटर यूनियन से सहयोग की अपील

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने भारी मालवाहक वाहन चालकों, वाहन मालिकों और ट्रक-कैंटर यूनियनों के पदाधिकारियों से अपील की है कि 12-13 अगस्त और 14-15 अगस्त के निर्धारित प्रतिबंधित समय में अपने वाहनों को दिल्ली की ओर न लाएं।

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि निर्धारित समय में भारी वाहनों को दिल्ली की ओर लाने से बचने पर स्वतंत्रता दिवस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने में मदद मिलेगी और आमजन को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

The post NO ENTRY In Delhi : दिल्ली में दो दिन भारी वाहनों की एंट्री पर रोक, गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने योजना बना लागू किया प्लान appeared first on Gurugram News Network.